
नींद पर इंटर्नशिप: इन 23 लोगों को 100 दिनों तक जी भरकर सोने के लिए मिलेंगे 1 लाख रुपये
शुक्रवार, 14 फ़रवरी 2020
Edit
बेंगलुरु
सोना किसे पसंद नहीं है? लेकिन तब क्या हो, जब आपको जी भर सोने को मिले साथ ही उसके लिए मोटी रकम भी मिले। यह कोई मजाक नहीं है बल्कि हकीकत है। बेंगलुरु की एक स्टार्टअप कंपनी Wakefit.co ने एक स्लीप इंटर्नशिप प्रोग्राम शुरू किया है। उन्होंने लाखों लोगों में से कुल 23 इंटर्न चुने, इसमें भी बेंगलुरु के लोगों ने बाजी मार ली।
बेंगलुरु स्थित कंपनी Wakefit.co ने हमारे सहयोगी बेंगलुरु मिरर को बताया कि उनके पास 1.7 लाख लोगों ने आवेदन किया था। इनमें से 23 लोगों को चुना गया जिनमें से आठ बेंगलुरु के ही थे। इन आठ में पांच पुरुष और तीन महिलाएं हैं जो 25 से 45 के आयु वर्ग में है। ये सभी आईटी या मार्केटिंग सेक्टर में काम करते हैं। इसके अलावा बाकी लोग हैदराबाद, चेन्नै, मुंबई और दिल्ली से हैं। 10 पर्सेंट लोग विदेशी हैं जो मुख्यत: ब्रिटेन और अमेरिका से हैं।
100 दिनों तक खास गद्दे पर सोना होगा
इस अनोखी स्लीप इंटर्नशिप में इन्हें 100 दिनों तक एक खास किस्म के गद्दे पर, विशेष समयवधि के लिए सोना है। इसके लिए इन्हें एक लाख रुपये मिलेंगे, उन पर ट्रैकर के जरिए नजर रखी जाएगी और अपनी नींद बेहतर बनाने के लिए इन्हें एक्सपर्ट से बात करने की सुविधा भी होगी।
नींद के प्रति दीवानगी बनी चयन का आधार
इन सभी 23 लोगों को 1.7 लाख लोगों को नींद के प्रति समर्पण के आधार पर चुना गया। इनको साबित करना था कि ये लोग नींद से बहुत प्यार करते हैं। शुरुआत में इन्हें बताना था कि ये नींद से कितना प्यार करते हैं। सेकंड राउंड में इनसे अपने विडियो रेज्यूमे भेजने को कहा गया। आखिरी राउंड में इनके इंटरव्यू लिए गए।
आंकड़ों से बेहतर नींद पर आंकड़े मिलेंगे
यह राउंड रविवार को बेंगलुरु में हुआ। इसमें देखा गया कि शामिल होने वाले इंटर्न नींद को लेकर कितने क्रिएटिव सोच रखते हैं। अब अगले 100 दिनों तक यह रिसर्च चलेगा इन लोगों से मिलने वाले आंकड़े Wakefit.co अपनी वेबसाइट पर रखेगी इसके बाद स्लीप हेल्थ पर एक विस्तृत रिपोर्ट पेश करेगी।